राज्यपाल गुरमीत सिंह को CM धामी ने दी विदाई, उत्तराखंड के विकास में योगदान को सराहा
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित समारोह में भावी जीवन के लिए दी शुभकामनाएं, राज्यपाल ने प्रदेशवासियों के प्रति जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रोत्साहन और पूर्व सैनिकों के कल्याण में उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अनुभव, अनुशासन और दूरदर्शी सोच से प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को नई दिशा दी। युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने तथा शिक्षा और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार, प्रशासन और प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड का राज्यपाल होना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों से मिला स्नेह, सहयोग और आत्मीयता हमेशा याद रहेगी।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के स्वस्थ, सुखमय और सफल भावी जीवन की कामना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के प्रति उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।