देहरादून में पुलिस की लाठीचार्ज से युवक बेहोश, दरोगा व एसआई लाइन हाजिर.
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों के लाठीचार्ज से युवक के बेहोश होने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने संबंधित दरोगा और एसआई को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को यूनिवर्सिटी में एक गायक का कार्यक्रम प्रस्तावित था, हालांकि प्रशासन द्वारा इस आयोजन की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद शुक्रवार से ही बड़ी संख्या में छात्र और अन्य युवक यूनिवर्सिटी गेट पर एकत्रित होने लगे, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया।
जाम की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों से अपने वाहन हटाने को कहा। इसी दौरान एक युवक की पुलिस से बहस हो गई। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद युवक नहीं माना और मौके से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर लाठियों से पीट दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने इसे “हल्का बल प्रयोग” बताया, हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वीडियो सामने आने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दरोगा और एसआई को लाइन हाजिर करने के साथ ही पूरे प्रकरण की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस के रवैये को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोगों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।