हरिद्वार में अवैध शराब पर कार्रवाई, नगर निगम और आबकारी विभाग की बड़ी बरामदगी
दिन में अतिक्रमण हटाते समय झोपड़ी से अवैध शराब बरामद, रात में आबकारी विभाग ने तस्करी की खेप पकड़ी

हरिद्वार में अवैध शराब का जाल उजागर, दिन-रात अलग-अलग कार्रवाई में बड़ी बरामदगी
धार्मिक नगरी हरिद्वार में प्रतिबंध के बावजूद अवैध शराब का कारोबार लगातार जारी है। मंगलवार को हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों ने इस नेटवर्क की परतें खोल दीं। पहले दिन में नगर निगम की टीम को अतिक्रमण हटाने के दौरान झोपड़ी से भारी मात्रा में शराब मिली, वहीं रात में आबकारी विभाग ने छापेमारी कर एक और जगह से अवैध शराब बरामद की।
![]()
जानकारी के मुताबिक, चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नगर निगम की टीम रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक झोपड़ी में रखे संदूक की जांच की गई, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की बड़ी संख्या में शराब की बोतलें मिलीं। अचानक मिली इस बरामदगी से मौके पर मौजूद अधिकारी भी चौंक गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से चोरी-छिपे शराब की बिक्री हो रही है। ड्राई एरिया होने के बावजूद तस्कर इस प्रतिबंध का फायदा उठाकर यात्रियों और स्थानीय लोगों को शराब बेच रहे हैं।
वहीं, रात में आबकारी विभाग की टीम ने दीन दयाल पार्किंग क्षेत्र में छापा मारा। यहां एक झोपड़ी से 225 टेट्रा पैक देशी शराब और 15 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब संवेदनशील इलाकों के पास ही इस तरह का अवैध कारोबार चल रहा था। फिलहाल विभाग का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।