ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले बैंक मैनेजर की मौत पर बड़ा खुलासा, लोको पायलट और CCTV फुटेज ने खोले कई राज
ऋषिकेश में 17 अप्रैल को रेलवे ट्रैक पर मिला शव, जांच में आत्महत्या की पुष्टि

17 अप्रैल की रात ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए स्थिति साफ कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती साक्ष्य और जांच के आधार पर यह हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या का मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल को रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान वीरेंद्र बेलवाल के रूप में की, जो पेशे से बैंक मैनेजर थे। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत भी दी थी।
![]()
परिजनों की शंका को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की। इस दौरान ट्रेन के लोको पायलट का बयान और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अहम साबित हुई। जांच में सामने आया कि मृतक खुद ही पटरी पर जाकर लेट गए थे। लोको पायलट ने उन्हें हटाने के लिए कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन वे नहीं हटे।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम और अन्य फॉरेंसिक जांच में भी किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं। सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल के अनुसार, सभी सबूत आत्महत्या की ओर इशारा करते हैं और इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह मामला हत्या का नहीं, बल्कि आत्महत्या का है, जिससे शुरुआती आशंकाओं पर विराम लग गया है।