DehradunUttrakhand

एशियाई खेल 2026: ट्रैप शूटिंग में नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, भारत की झोली में आया 5वां गोल्ड मेडल

व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं नीरू, देश के खाते में आए कुल 47 पदक

नागोया: जापान के नागोया में आयोजित एशियाई खेलों के 10वें दिन भारत के लिए शूटिंग रेंज से एक ऐतिहासिक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय महिला निशानेबाज नीरू ढांडा ने महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को स्वर्ण पदक दिलाया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

दमदार प्रदर्शन के साथ कायम किया नया रिकॉर्ड

हरियाणा की नीरू ढांडा ने फाइनल में 30 में से 28 सटीक निशाने लगाते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियन और एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में चीन की सुन युनोंग ने 26 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने कांस्य पदक जीता। मौजूदा खेलों में यह भारत का पहला व्यक्तिगत गोल्ड मेडल है।

टीम स्पर्धा में भी जीता सिल्वर मेडल

व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्णिम सफलता से पहले नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भी देश का मान बढ़ाया। नीरू ढांडा, आशीमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय तिकड़ी ने 328 का स्कोर बनाकर रजत पदक जीता। इस इवेंट में चीन की टीम ने 346 अंकों के साथ स्वर्ण और कुवैत ने 325 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा किया।

शूटिंग में भारत की स्थिति और मेडल टैली

इन दो नए पदकों के साथ मौजूदा एशियाई खेलों की शूटिंग स्पर्धाओं में भारत के कुल पदकों की संख्या 14 हो गई है। निशानेबाजी में यह भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है; इससे पहले मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कमलजीत और सुरुचि सिंह ने भारत को गोल्ड दिलाया था।

10वें दिन के मुकाबलों के बाद भारत 5 स्वर्ण, 21 रजत और 21 कांस्य सहित कुल 47 पदकों के साथ मेडल टैली में 11वें स्थान पर मौजूद है। पदक तालिका में चीन 135 स्वर्ण सहित 236 पदकों के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है, जबकि मेजबान जापान दूसरे और दक्षिण कोरिया तीसरे स्थान पर काबिज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!