उत्तरकाशी: कालिंदी खाल और माउंट जोगिन में फंसे सभी 28 पर्वतारोही सुरक्षित, राहत टीमों को मिली बड़ी सफलता
खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बीच चलाए गए संयुक्त रेस्क्यू अभियान में मिली कामयाबी, सभी ट्रेकर्स की सकुशल वापसी
उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच फंसे पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी अभियान में मंगलवार को बड़ी कामयाबी मिली है। कालिंदी खाल ट्रेक में फंसे अंतिम चार लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया। इसके साथ ही कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 लोगों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त माउंट जोगिन-1 क्षेत्र से भी सभी आठ ट्रेकर्स और उनके सपोर्टिंग स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तेजी से बदलते मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और विभिन्न राहत एजेंसियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस बचाव कार्य को अंजाम दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और हेलीकॉप्टर पायलटों के बीच बेहतर समन्वय के साथ चरणबद्ध रणनीति तैयार की गई, जिससे जोखिम भरे रास्तों के बावजूद अभियान को सफलता पूर्वक पूरा किया जा सका। सुरक्षित निकाले गए सभी लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।
कालिंदी खाल और माउंट जोगिन में राहत कार्य पूरा होने के बाद अब माउंट जोगिन क्षेत्र का जायजा लेने के लिए रेकी प्रक्रिया शुरू की गई है। एसडीआरएफ के जवानों को क्षेत्र में बर्फ की मोटाई, संभावित खतरों और सुरक्षित रास्तों का आकलन करने के लिए भेजा गया है, ताकि परिस्थितियों के अनुसार आगे की सुरक्षा रणनीति बनाई जा सके।
इससे पहले ऑडेन कोल पास से भी 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालकर हर्षिल पहुंचाया गया था, जो प्राथमिक उपचार के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं। पिछले कुछ दिनों में हुई अचानक बर्फबारी के कारण उच्च पर्वतीय मार्गों पर कई दल फंस गए थे, लेकिन बचाव दलों की लगातार सक्रियता से सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।