Monsoon से पहले उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, राशन कार्ड धारकों को एक साथ मिलेगा तीन महीने का खाद्यान्न

डोईवाला: मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं के माध्यम से जुलाई माह में उपभोक्ताओं को एक साथ तीन महीने का खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य मानसून के दौरान राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और उपभोक्ताओं के साथ ही विक्रेताओं को भी सुविधा उपलब्ध कराना है।
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से इससे पहले अप्रैल माह में भी तीन महीने का राशन एक साथ वितरित किया गया था। उस समय खाद्यान्न के साथ मंडवे का वितरण किया गया था। वहीं, इस बार मंडवे की जगह प्रत्येक राशन कार्ड धारक को नमक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।
विभाग का मानना है कि बरसात के मौसम में कई क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो सकता है, ऐसे में पहले से ही तीन माह का राशन उपलब्ध होने से लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं पर भी बार-बार वितरण का दबाव कम होगा।
राज्य सरकार के इस फैसले से बड़ी संख्या में राशन कार्ड धारकों को राहत मिलने की उम्मीद है। जुलाई माह में होने वाले इस वितरण के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।