
देहरादून, 21 अक्टूबर: उत्तराखंड के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून के हाथीबड़कला बाजार में दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मंत्री जोशी ने बाजार में घूमकर व्यापारियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व प्रकाश, खुशहाली और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। हमें इस त्योहार को एकजुट होकर, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाना चाहिए।

जोशी ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और स्थानीय स्तर पर व्यापार को सुगम बनाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर “वोकल फॉर लोकल” को प्रोत्साहित करें।
मंत्री ने बाजार में चाय पर स्थानीय लोगों से अनौपचारिक बातचीत की और दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान स्थानीय जनता में उत्साह देखने को मिला और सभी ने मंत्री जोशी को भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में पार्षद भूपेंद्र कठैत, मोहन बहुगुणा, मंडल महामंत्री आशीष थापा, भावना चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, व्यापार संघ अध्यक्ष अशोक गुप्ता, ओमप्रकाश बवाड़ी, रमेश प्रधान समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।