उत्तराखंड

उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन आज लेंगे शपथ, लोक भवन में होगा समारोह

उत्तराखंड को आज नया राज्यपाल मिलने जा रहा है। नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन देहरादून पहुंच चुके हैं। वह सुबह 11 बजे लोक भवन परिसर में आयोजित समारोह के दौरान पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

डॉ. ढाल सिंह बिसेन के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की परेड का निरीक्षण भी किया। एयरपोर्ट पर प्रदेश सरकार और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

स्वागत करने वालों में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद लोक भवन पहुंचने पर भी राज्यपाल का अधिकारियों ने स्वागत किया।

लोक भवन में शपथ ग्रहण की तैयारी

लोक भवन में राज्यपाल के आगमन पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन और अपर सचिव रीना जोशी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही डॉ. बिसेन औपचारिक रूप से उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। राज्यपाल का पद प्रदेश की संवैधानिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ऐसे में उनके कार्यभार ग्रहण करने पर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी नजर रहेगी।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह की लेंगे जगह

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया था। वह लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लेंगे। शपथ ग्रहण के बाद प्रदेश के संवैधानिक प्रमुख के रूप में उनकी नई पारी शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!