
देहरादून। डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण से राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन सार्वजनिक जीवन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में उन्होंने जनहित एवं समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. बिसेन के अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड की विकास यात्रा को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में सुशासन, विकास और जनकल्याण के प्रयासों को आगे बढ़ाने में उनका अनुभव महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन के सफल, यशस्वी और मंगलमय कार्यकाल की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।