देहरादून ग्रीन बिल्डिंग विवाद: भुगतान न मिलने से नाराज पेटी ठेकेदार टावर क्रेन पर चढ़ा

देहरादून: निर्माणाधीन ग्रीन बिल्डिंग परियोजना एक बार फिर विवादों में घिर गई है। भुगतान न मिलने से नाराज एक पेटी ठेकेदार बुधवार शाम टावर क्रेन पर चढ़ गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय लेनदेन को लेकर ठेका कंपनी और पेटी ठेकेदार के बीच विवाद चल रहा था। भुगतान की मांग को लेकर ठेकेदार ने विरोध जताते हुए निर्माण स्थल पर लगी टावर क्रेन पर चढ़ने का कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही लक्खीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस और संबंधित पक्षों की मौजूदगी में ठेका कंपनी व पेटी ठेकेदार के बीच बातचीत कराई गई, जिसके बाद ठेकेदार सुरक्षित रूप से नीचे उतर आया।
ग्रीन बिल्डिंग परियोजना को सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल किया गया है, लेकिन इससे पहले भी निर्माण कार्य और अन्य मुद्दों को लेकर यह परियोजना चर्चा में रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और दोनों पक्षों के बीच समाधान की प्रक्रिया जारी है।