Uncategorized

केदारनाथ हेली टिकट के नाम श्रद्धालुओं से ₹2.65 लाख की ठगी

आंध्र प्रदेश से बाबा केदार के दर्शन करने रुद्रप्रयाग पहुंचे 22 सदस्यीय श्रद्धालु दल साइबर ठगी का शिकार हो गए.

उत्तराखंड चारधाम यात्रा के बीच साइबर ठग अब श्रद्धालुओं की आस्था को निशाना बनाकर लाखों की ठगी कर रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा में हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर एक बड़ा साइबर फर्जीवाड़ा सामने आया है। इस बार आंध्र प्रदेश से बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे 22 सदस्यीय श्रद्धालु दल से करीब 2 लाख 65 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।

जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के चित्तूर-तिरुपति ग्रामीण क्षेत्र से आए श्रद्धालु दल के सदस्य जी वीरा राघावलू ने बताया कि वे केदारनाथ धाम के लिए ऑनलाइन हेली टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टिकट उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे। इसी दौरान उनके पास एक कॉल आई, जिसमें खुद को अधिकृत एजेंट बताने वाले व्यक्ति ने 22 लोगों के हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में श्रद्धालुओं से पैसे ट्रांसफर करवाए और टिकट बुक होने का दावा करते हुए कथित टिकट भी भेज दिए। श्रद्धालु पूरे विश्वास के साथ केदारघाटी पहुंचे, लेकिन सोमवार को जब वे हेलीपैड पर यात्रा के लिए पहुंचे तो उन्हें बड़ा झटका लगा। जांच में सामने आया कि सभी टिकट पूरी तरह फर्जी थे।

पीड़ितों ने जब कथित एजेंट से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद श्रद्धालुओं को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। यात्रा की खुशी अचानक मायूसी में बदल गई और पूरा दल मानसिक रूप से परेशान हो गया।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ हेली टिकट केवल अधिकृत पोर्टल और मान्यता प्राप्त माध्यमों से ही बुक करें। किसी अनजान कॉल, सोशल मीडिया लिंक या एजेंट के झांसे में आने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!