शराब के नशे में पत्नी की बेरहमी से पिटाई, मौत के बाद फरार हुआ पति; चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
नैनीताल के तल्ला ओखलकांडा में वारदात, बेटे के पड़ोसियों को बताने पर खुला मामला; आरोपी की तलाश में पुलिस की तीन टीमें गठित

नैनीताल के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचे पति ने विवाद के बाद अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त की रात 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू मजदूरी से घर लौटा था। इसी दौरान उसका 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते डिंकी देवी की मौत हो गई।
घटना का पता अगले दिन तब चला, जब उनके बेटे ने पड़ोसियों से कहा कि मां सुबह से उठी नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उसकी तलाश के लिए पंपलेट के जरिए भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। डिंकी देवी अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी मजदूरी करता था और शराब का आदी बताया जाता है।
एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।