INDIA

आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी का तांडव: हीट स्ट्रोक से एक ही दिन में 21 लोगों की मौत, अकेले विजयवाड़ा में 10 ने दम तोड़ा.

अमरावती:

देशभर में सूर्यदेव का सितम लगातार जारी है और पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। भीषण गर्मी और जानलेवा लू (हीटवेव) के बीच आंध्र प्रदेश से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। राज्य में शुक्रवार को अलग-अलग हिस्सों में हीट स्ट्रोक (लू लगने) की वजह से एक ही दिन में रिकॉर्ड 21 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस घटना के बाद से हाई अलर्ट पर हैं।

​विजयवाड़ा बना सबसे बड़ा हॉटस्पॉट, बेसहारा लोग हुए शिकार

इस प्राकृतिक आपदा का सबसे भयंकर रूप विजयवाड़ा में देखने को मिला, जहां अकेले एक दिन में 10 लोगों की जान चली गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इन 10 मृतकों में से 8 लोग अनजान भिखारी या बेसहारा थे, जो खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर थे।

​स्थानीय खबरों के अनुसार, सीतारामपुरम की चपरालावरी स्ट्रीट में एक शख्स बेहोश मिला, जिसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इसी तरह न्यू राजराजेश्वरीपेटा, अजीत सिंह नगर रेलवे फाटक के पास एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति और राघवय्या पार्क के पास एक 50 वर्षीय व्यक्ति मृत पाया गया।

​हनुमानपेटा जिला जेल और बेसेंट रोड पर एलआईसी ऑफिस के पास भी दो बुजुर्ग (उम्र करीब 65 वर्ष) बेहोशी की हालत में मिले थे। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके अलावा राठम सेंटर, कलेश्वर राव मार्केट और गांधी पार्क सेंटर में तीन भिखारियों की मौत हुई। कस्तूरीबाईपेटा के दावुलुरी रामाराव (57) और गुनाडाला के निम्मगड्डा सरथ बाबू (45) भी निर्मला कॉन्वेंट जंक्शन के पास बेहोश मिले, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

​अन्य जिलों में भी मौतों का तांडव

विजयवाड़ा के अलावा आंध्र प्रदेश के कई अन्य जिले भी इस जानलेवा गर्मी की चपेट में हैं:

​एलुरु और पश्चिम गोदावरी: एलुरु जिले में तीन लोगों—डेविड राजू (64), शेषम्मा (40) और सुरवरपु रानी (65) की मौत हुई। वहीं पश्चिम गोदावरी के पालकोल्लू में ओडिशा से आए एक 28 वर्षीय मजदूर रामपुरी पिंटू की हीट स्ट्रोक से जान चली गई।

​काकीनाडा: यहां भी तीन घरों के चिराग बुझ गए। मृतकों में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर गुर्रम अप्पन्ना (37), पिल्ली रमन्ना (55) और के. अप्पाराव (40) शामिल हैं।

​पालनाडू: नरसारावपेटा शहर के मार्केट सेंटर और चित्रालय सेंटर के पास दो अज्ञात लोगों (एक बुजुर्ग और एक युवक) की भीषण गर्मी से मौत हो गई। वहीं विनुकोंडा के इपुरू में वेलिनेनी नरसिम्हा राव (69) ने दम तोड़ दिया।

​अनकापल्ली: चोडावरम मंडल के गोवाडा में अट्टा लक्ष्मी नाम की एक महिला की हीट स्ट्रोक के कारण दर्दनाक मौत हो गई।

​प्रशासन की अपील: दोपहर में निकलने से बचें

एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में हुई मौतों ने राज्य सरकार और मौसम विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक शरीर का तापमान बढ़ने, पानी की भारी कमी (डिहाइड्रेशन) और सीधे धूप के संपर्क में आने से मल्टी-ऑर्गन फेलियर हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बिना वजह घरों से बाहर न निकलें, लगातार पानी या ओआरएस (ORS) का घोल पीते रहें और सूती कपड़े पहनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!