देहरादून में वशीकरण के नाम पर ठगी का खुलासा, 100 लोगों को शिकार बनाने का दावा; दो आरोपी गिरफ्तार

राजधानी देहरादून में वशीकरण के नाम पर लोगों को ठगने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी से हासिल रकम के लेन-देन के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते खुलवाने की तैयारी कर रहे थे। पटेलनगर क्षेत्र के चमन विहार स्थित आशियाना होम्स के एक फ्लैट में छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, पहचान पत्र और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
मुखबिर की सूचना पर फ्लैट में छापेमारी
पटेलनगर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, सोमवार को चमन विहार कट के पास चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि आशियाना होम्स के एक फ्लैट में दो युवक संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाने में जुटे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने संबंधित फ्लैट पर दबिश दी। इस दौरान दोनों युवक पुलिस को देखकर कमरे में जाने की कोशिश करने लगे। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान निवासी शामली और शाहरुख निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
10 एटीएम कार्ड और कई पहचान पत्र बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, आठ आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा बैंक पासबुक, चेकबुक, खाता खोलने के फॉर्म और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं। कुछ चेकों पर लाखों रुपये की रकम दर्ज होने की बात सामने आई है।
मोबाइल से मिले संपर्क के साक्ष्य
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने करीब 100 लोगों को वशीकरण का झांसा देकर ठगने की बात कही है। मोबाइल फोन की जांच में वशीकरण से संबंधित तस्वीरें, लिंक और व्हाट्सएप के जरिए लोगों से संपर्क करने के साक्ष्य मिलने की जानकारी दी गई है।
थाना प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद दस्तावेजों, बैंक खातों और संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल कर रही है, ताकि ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।