
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जिले के लमगड़ा क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा लमगड़ा के चायखान-बलिया बेगनिया मोटर मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।