भारी बारिश का असर: देहरादून-मसूरी मार्ग पर यातायात बंद, प्रशासन ने जारी किए आदेश
लैंडस्लाइड की आशंका के चलते अगले आदेश तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक, लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

देहरादून-मसूरी मार्ग पर लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए उप जिलाधिकारी, मसूरी ने सोमवार 20 जुलाई 2026 को आदेश जारी कर सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक प्रतिबंधित कर दी है।
प्रशासन ने कहा है कि जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। आदेश की प्रति जिलाधिकारी देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारियों तथा लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भेजी गई है। संबंधित विभागों को मार्ग की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और स्थिति सामान्य होने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अगले आदेश तक देहरादून-मसूरी मार्ग पर यात्रा करने से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।