
उत्तराखंड की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लक्ष्य के बीच लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव पंकज कुमार पांडेय शनिवार सुबह छह बजे अधिकारियों के साथ सड़कों का निरीक्षण करने निकले। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में उन्होंने देहरादून के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क सुधार और गड्ढा भरान कार्यों की स्थिति परखी।
सचिव ने अधिकारियों को प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से की जाए और कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण की शुरुआत कालीदास रोड टर्न से हुई। इसके बाद कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड और गढ़ी कैंट समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों का जायजा लिया गया। इस दौरान सड़क सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सचिव ने सड़क मरम्मत कार्यों की निगरानी और समयबद्ध तरीके से उन्हें पूरा करने पर जोर दिया। विभाग को निर्देश दिए गए कि जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं या गड्ढे मौजूद हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह एवं अरुण पांडेय, अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
अब निर्धारित समयसीमा में प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लक्ष्य पर विभाग की कार्रवाई और उसकी प्रगति अहम रहेगी।