मसूरी में बड़ा हादसा टला, हवाघर मोड़ पर खाई के किनारे लटक गई पिकअप
चालक की सूझबूझ से बची जान, स्थानीय लोगों ने हादसों वाले मोड़ पर मजबूत क्रैश बैरियर लगाने की उठाई मांग

पहाड़ों की रानी मसूरी में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। छावनी परिषद क्षेत्र के हवाघर मोड़ पर लैंडौर से घंटाघर की ओर जा रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई। वाहन का एक पहिया सड़क के किनारे से बाहर लटक गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से काम लिया। उसने समय रहते वाहन रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया। यदि थोड़ी भी चूक होती तो पिकअप गहरी खाई में गिर सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोड़ पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के किनारे तक पहुंच गई। पिकअप को खाई की ओर झुका देख आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई।
स्थानीय निवासी रवि रावत, अरविंद पंवार और विजय बढ़ोला का कहना है कि हवाघर मोड़ लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है। उनका आरोप है कि इस स्थान पर सड़क किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। खासकर बरसात के मौसम में सड़क पर फिसलन बढ़ जाने से वाहन अनियंत्रित होने का खतरा और अधिक हो जाता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने छावनी परिषद प्रशासन से इस मोड़ पर मजबूत क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां पहले भी कई बार वाहन फिसलने और सड़क से बाहर निकलने की घटनाएं हो चुकी हैं। यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।