बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, एसआईटी ने निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को किया गिरफ्तार
चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज, अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई के संकेत

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अहम कार्रवाई करते हुए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें देहरादून स्थित उनके आवास से सादी वर्दी में हिरासत में लिया और बाद में चमोली ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, एसआईटी मामले की गहन जांच कर रही है और गिरफ्तारी के बाद प्रमोद नौटियाल से चढ़ावे में कथित गड़बड़ी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि गिरफ्तारी से पहले प्रमोद नौटियाल ने उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख किया था। उन्होंने अपने निलंबन आदेश और उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए राहत की मांग की थी।
चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी प्रमोद नौटियाल को रविवार देर रात उनके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया. इसके पश्चात उन्हें चमोली लाया गया और प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है. बताया कि, जांच टीम दस्तावेजों,अभिलेखों तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. नियमानुसार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.