उधम सिंह नगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद वांटेड अपराधी जितेंद्र चौधरी गिरफ्तार
पैर में गोली लगने से घायल हुआ आरोपी, दो साथी भी दबोचे गए; कई फायरिंग मामलों में थी पुलिस को तलाश, हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। लंबे समय से फरार चल रहे वांटेड आरोपी जितेंद्र चौधरी को जवाबी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपियों को भी मौके से हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र चौधरी कई चर्चित फायरिंग मामलों में वांटेड था। वह 21 जून को गाबा चौक पर हुई फायरिंग का नामजद आरोपी था। इसके अलावा 30 जून की रात ट्राला पर हुई गोलीबारी की घटना में भी उसकी तलाश की जा रही थी। उस घटना में पीलीभीत की रहने वाली शाइस्ता नाम की महिला घायल हुई थी।

सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि जितेंद्र अपने दो साथियों सुमित राठौर और चंदन के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस टीम ने रुद्रपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस ने जब संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो वे भागकर एक खेत में स्थित आम के बगीचे में पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि वहां से आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया। वहीं उसके दोनों साथी सुमित राठौर और चंदन को भी पुलिस ने दबोच लिया

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जितेंद्र चौधरी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और कई मामलों में वांटेड घोषित किया जा चुका था।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके संभावित आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।