अजबपुर कला में आठ बीघा में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर चला एमडीडीए का बुलडोजर
सरस्वती विहार में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनी ध्वस्त, एमडीडीए ने लोगों को निवेश से पहले वैधानिक जांच की दी सलाह

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए मंगलवार को अजबपुर कला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने सरस्वती विहार, अजबपुर कला में करीब आठ बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर किए गए सीमांकन और अन्य विकास कार्यों को हटाया गया तथा आमजन को जागरूक करने के लिए स्थल पर सूचना पट्ट भी लगाया गया।
एमडीडीए के मुताबिक, सरस्वती विहार क्षेत्र में नौटियाल और कटियार द्वारा बिना स्वीकृति नियमों के विपरीत प्लॉटिंग किए जाने की सूचना मिली थी। जांच में मामला प्रथम दृष्टया अवैध पाए जाने के बाद संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि बिना ले-आउट स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियां भविष्य में खरीदारों के लिए कानूनी और आर्थिक परेशानी का कारण बन सकती हैं।कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप राणा, सुपरवाइजर समेत प्राधिकरण की टीम मौके पर मौजूद रही। एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि शहर में अनियोजित विकास और अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच करने की अपील की।

सचिव मोहन सिंह बर्निया की चेतावनी
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना अनुमति की प्लॉटिंग और निर्माण किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भूमि या भूखंड में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।