नैनीताल जिला प्रशासन का बड़ा फैसला, हर शनिवार होगा पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे
हर शनिवार को परिवहन विभाग के कर्मचारी, अधिकारी करेंगे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करेंगे.

जिला प्रशासन नैनीताल ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन ने नई पहल शुरू हुई है. अब हर शनिवार ‘पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे’ मनाया जाएगा. जिसमें अधिकारी और कर्मचारी निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे. प्रशासन ने ई-वाहनों को बढ़ावा देने, कार पूल व्यवस्था अपनाने और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ईंधन संरक्षण और पर्यावरण बचाने के संदेश को अब हल्द्वानी प्रशासन धरातल पर लागू करता दिखाई दे रहा है. बढ़ते वायु प्रदूषण, ईंधन की खपत और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने की सलाह दी है.
आरटीओ हल्द्वानी गुरदेव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब प्रत्येक शनिवार को “पब्लिक ट्रांसपोर्ट डे” के रूप में मनाया जाएगा. इस दिन अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय आने-जाने के लिए बस, साझा टैक्सी और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग करेंगे.जिन अधिकारियों के पास ई-वाहन उपलब्ध हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ई-वाहनों के इस्तेमाल के निर्देश भी दिए गए हैं.
प्रशासन ने अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने और कार पूल व्यवस्था को बढ़ावा देने की अपील की है. अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से ईंधन की बचत होगी. शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा. कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी. साथ ही आम लोगों को भी सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी. परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभागीय स्तर पर फीडबैक सिस्टम भी तैयार किया जाएगा. इसमें ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूली, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल और चालक के खराब व्यवहार जैसी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी.