राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देहरादून पहुंचीं, कल IMA की पासिंग आउट परेड में करेंगी शिरकत

देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचीं। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उनका काफिला सड़क मार्ग से राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन के लिए रवाना हुआ, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन पर जॉलीग्रांट एयरपोर्ट में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति निकेतन तक के पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई।
राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान सुरक्षा कारणों से मार्ग को लगभग आधे घंटे के लिए ‘जीरो जोन’ घोषित किया गया। इस दौरान यातायात पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे कई स्थानों पर लोगों को इंतजार करना पड़ा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और नवप्रशिक्षित सैन्य अधिकारियों को संबोधित करेंगी।