पांवटा साहिब सीमा पर हालात सामान्य, प्रशासन अलर्ट; निहंग प्रतिनिधियों से वार्ता जारी

देहरादून: पंजाब से हिमाचल प्रदेश होते हुए उत्तराखंड में प्रवेश के प्रयास को लेकर पांवटा साहिब सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को स्थिति सामान्य और नियंत्रण में रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं, प्रशासन की ओर से निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ गुरुद्वारा पांवटा साहिब में लगातार बातचीत की जा रही है, ताकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सीमा क्षेत्र और संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। साथ ही शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।