तुंगनाथ-चोपता में आंधी-तूफान का कहर, दो सगे भाइयों की मौत
रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ-चोपता में एकाएक बिगड़ा मौसम, आंधी-तूफान के चलते फंसे कई लोग,

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी, तूफान और खराब मौसम के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री और स्थानीय लोग रास्तों में फंस गए, जिसके बाद जिला प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दर्दनाक हादसे में लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:17 बजे रुद्रप्रयाग जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में अचानक आए तेज तूफान और खराब मौसम के कारण कई लोग रास्तों में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और डीडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा एंबुलेंस सेवा की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और लगातार बिगड़ते मौसम के बावजूद राहत एवं बचाव दलों ने तेजी से अभियान चलाया। डीडीआरएफ टीम ने दो गंभीर रूप से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर विभागीय वाहन से एंबुलेंस तक पहुंचाया, जहां से उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ भेजा गया।
हादसे में लखनऊ निवासी दो सगे भाई अभिषेक वाजपेई और अभिनव वाजपेई पुत्र सजीत वाजपेई की मौत हो गई। वहीं, लखनऊ निवासी राजन मिश्रा और उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला घायल हो गए, जिनका उपचार किया जा रहा है।ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अचानक आए तेज तूफान और खराब मौसम के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेज दिया गया है।