बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने टपकेश्वर महादेव के किए दर्शन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज अपने उत्तराखंड दौरे के तीसरे दिन की शुरूआत प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन से की

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज अपने तीन दिवसीय देवभूमि उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। अपने दौरे के अंतिम दिन की शुरुआत उन्होंने आध्यात्मिक वातावरण में की। सुबह करीब 8:30 बजे नितिन नवीन देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का गढ़ी कैंट क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर जलपान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके उपरांत उन्होंने गढ़ी कैंट, देहरादून में बूथ समिति की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया। इस दौरान पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ 2027 विधानसभा चुनावों की बूथ स्तर की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और बूथ सशक्तिकरण का मंत्र दिया।
दोपहर 11 बजे शिगनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में प्रबुद्ध गोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में समाज के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और विभिन्न पेशेवर वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विचार साझा करेंगे।
दौरे का सबसे अहम कार्यक्रम दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून में प्रस्तावित युवा संवाद रहेगा। इस कार्यक्रम में नितिन नवीन प्रदेश के युवाओं से सीधा संवाद करेंगे और उनकी आकांक्षाओं, सुझावों तथा भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। पार्टी के लिहाज से मिशन 2027 के दृष्टिकोण से इस कार्यक्रम को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद उत्तराखंड का यह उनका पहला दौरा है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस प्रवास के दौरान उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ जीतने की रणनीति पर जोर दिया। पार्टी की योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जा रही है।