उत्तराखंड

बनलेख के पास दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत; तीन गंभीर घायल

पिथौरागढ़-चंपावत एनएच पर हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोग, खाई से निकालकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल

पिथौरागढ़-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनलेख के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, कार संख्या UK 05 TA 5045 खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। बनलेख वन चौकी से कुछ पहले अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

दुर्घटना में नरेंद्र राम (32), पुत्र हेम राम, निवासी बांस, मेतोली, चंडाक, पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक रोहित कुमार (26), पुत्र जगदीश रामजमन राम (60), पुत्र लक्ष्मण राम और हरि राम (62), पुत्र दानी राम गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को उपचार के लिए चंपावत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि चारों लोग खटीमा में अपने रिश्तेदारों से मिलने गए थे और वहां से वापस पिथौरागढ़ लौट रहे थे। फिलहाल कार के अनियंत्रित होने की वजह सामने नहीं आई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!