Uncategorized

UKSSSC ने तकनीकी पदों की इस परीक्षा को किया स्थगित, अब नई तारीख का इंतजार

उत्तराखंड में विभिन्न विभागों के तकनीकी पदों के लिए प्रस्तावित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया

उत्तराखंड में विभिन्न विभागों के तकनीकी पदों के लिए होने वाली परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. हालांकि, समूह ग के इन पदों पर अब परीक्षा कब होगी? इसके लिए यूकेएसएसएससी ने नई तारीख का ऐलान नहीं किया है. जानिए कौन सी है ये परीक्षा और इसमें कितने पदों पर होनी है भर्ती.

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने समूह ग के तकनीकी अर्हता वाले पदों के लिए प्रस्तावित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. आयोग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली यह परीक्षा अब निर्धारित तिथि पर नहीं कराई जाएगी और इसे अगले आदेशों तक टाल दिया गया है. हालांकि परीक्षा स्थगित करने के पीछे आयोग ने कोई ठोस या स्पष्ट कारण नहीं बताया है, केवल अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया गया है.

इस फैसले के बाद उन हजारों अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई है, जिन्होंने लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी की थी और अब परीक्षा की नई तारीख का इंतजार कर रहे हैं. गौरतलब है कि आयोग ने 20 मार्च 2026 को एक आधिकारिक पत्र जारी कर दो महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तिथियां घोषित की थीं. इनमें विशेष तकनीकी अर्हता वाले पदों के लिए 3 मई 2026 और स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा के लिए 17 मई 2026 की तारीख तय की गई थी.

हालांकि, ताजा आदेश में केवल 3 मई को प्रस्तावित तकनीकी परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है. वहीं 17 मई को होने वाली स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा को लेकर अभी तक कोई नया अपडेट या बदलाव सामने नहीं आया है. इससे यह संकेत मिलता है कि फिलहाल वह परीक्षा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित हो सकती है.

इन पदों पर होनी है नियुक्ति: तकनीकी अर्हता वाली भर्ती प्रक्रिया की बात करें तो इसके तहत कुल 57 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी है. यह भर्ती विभिन्न विभागों में तकनीकी पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है, जिनमें कई महत्वपूर्ण और जिम्मेदार पद शामिल हैं. लोक निर्माण विभाग में विधि सहायक, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद में साहसिक खेल अधिकारी और पर्यटक अधिकारी, उत्तराखंड न्यायिक एवं विधिक अकादमी नैनीताल में शोध अधिकारी, आरएस टोलिया प्रशासन अकादमी में कैमरामैन, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में फोटोग्राफर और कनिष्ठ कैमरामैन जैसे पद शामिल हैं.

इसके अलावा, हिला कल्याण विभाग में मनोवैज्ञानिक, उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद में कंप्यूटर प्रोग्रामर, खनन विभाग में मानचित्रकार और सर्वेक्षक, संस्कृति विभाग में प्राविधिक सहायक, ग्रामीण विकास विभाग में अनुदेशक तथा लघु सिंचाई विभाग में सहायक बोरिंग टेक्नीशियन जैसे पदों पर भी भर्ती की जानी है.

किस पद पर कितनी नियुक्ति: अगर पदों के वितरण पर नजर डालें तो सबसे अधिक 27 रिक्त पद सहायक बोरिंग टेक्नीशियन के हैं, जो इस भर्ती प्रक्रिया का सबसे बड़ा हिस्सा हैं. इसके अलावा, नन विभाग में 6 पदों पर सर्वेक्षक की भर्ती की जानी है, जबकि 4 पद साहसिक खेल अधिकारी के लिए निर्धारित किए गए हैं. बाकी पद अलग-अलग विभागों में बंटे हुए हैं, जिनके रिक्त पदों की संख्या 1 से 2 है.इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 दिसंबर 2025 को जारी विज्ञप्ति के साथ शुरू हुई थी. इच्छुक अभ्यर्थियों को 10 दिसंबर से लेकर 30 दिसंबर 2025 तक आवेदन करने का अवसर दिया गया था. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि का इंतजार था, जिसे मार्च 2026 में घोषित कर दिया गया था. लेकिन अब अचानक परीक्षा स्थगित होने से उम्मीदवारों की तैयारी और योजनाओं पर असर पड़ा है.परीक्षा स्थगित होने का एक पहलू यह भी है कि अभ्यर्थियों को अब तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है. हालांकि अनिश्चितता के कारण मानसिक दबाव भी बढ़ा है, क्योंकि नई परीक्षा तिथि कब घोषित होगी? यह स्पष्ट नहीं है. ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे अपनी तैयारी को लगातार बनाए रखें और आधिकारिक वेबसाइट या आयोग के नोटिस पर नजर बनाए रखें.इस तरह की भर्तियों में पारदर्शिता और समयबद्धता बेहद जरूरी होती है, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बना रहे. ऐसे में आयोग से उम्मीद की जा रही है कि वह जल्द ही नई परीक्षा तिथि घोषित करेगा और अभ्यर्थियों को स्पष्ट जानकारी देगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!