चमोली

चमोली में मजदूरी के पैसों को लेकर खूनी संघर्ष, बांस के डंडे से पीटकर मजदूर की हत्या

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर की जान चली गई। जिलासू तहसील के सेमी गांव में पेयजल टैंक निर्माण कार्य के दौरान दो मजदूरों के बीच रेत ढुलाई की तय रकम को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक मजदूर ने दूसरे पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण घायल मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रेत ढुलाई के भुगतान को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, सेमी गांव में पेयजल निगम की ओर से पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य में खच्चरों के माध्यम से रेत ढोने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान खच्चर संचालक सुनील कुमार (28), निवासी गोतेंडा, थराली और सुमित (28), निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के बीच भुगतान को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि रेत ढुलाई के काम की निर्धारित राशि नहीं मिलने से सुनील नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर सुनील ने सुमित पर बांस के डंडे से हमला कर दिया। उसने सुमित पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बीच-बचाव करने पहुंचे मजदूर को दी धमकी

घटना के दौरान वहां मौजूद एक अन्य मजदूर ने दोनों के बीच हस्तक्षेप कर विवाद रोकने की कोशिश की। हालांकि, आरोपी ने उसे धमकाकर वहां से हटा दिया। इसके बाद घबराए मजदूर ने ठेकेदार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुनील को हिरासत में ले लिया। हमले में घायल सुमित को उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां चिकित्सकों उसको मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!