उत्तराखंड

मंत्री रेखा आर्या प्रकरण में SIT गठित, 10 सदस्यीय टीम करेगी आरोपों की जांच

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में गठित 10 सदस्यीय टीम मामले की विस्तृत जांच करेगी। पुलिस ने शिकायत से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं, मामले से संबंधित वायरल ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

मंत्री रेखा आर्या ने कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने कथित तौर पर प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।

मंत्री ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की जानकारी उनसे छिपाई थी। उनके मुताबिक, विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। इसके अलावा, कंपनी से जुड़े दस्तावेजों में कथित रूप से जाली हस्ताक्षर करके उन्हें निदेशक पद से हटाने की बात भी कही गई है। इन सभी आरोपों की अब एसआईटी अलग-अलग पहलुओं से जांच करेगी।

मामले को लेकर मंत्री की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो और ऑडियो भी जारी किया गया था। आरोप है कि ऑडियो में उनके पति एक महिला से बातचीत के दौरान उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश से जुड़ी बातें कर रहे हैं। पुलिस ने ऑडियो की सत्यता और उसमें मौजूद बातचीत की जांच के लिए उसे फॉरेंसिक लैब भेजा है।

एसआईटी प्रभारी जया बलोनी के अनुसार, टीम मामले से संबंधित जानकारियां और साक्ष्य एकत्र कर रही है। मंत्री की तबीयत में सुधार होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।

उधर, सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती मंत्री रेखा आर्या की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। चिकित्सकों के अनुसार, उनके रक्तचाप और हृदय गति में बदलाव पाया गया था। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!