
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाए, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। दिनभर चटक धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, प्रदेश में मानसून के आगमन को लेकर भी उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तराखंड में 25 जून तक मानसून पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम में बदलाव से जहां गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं प्रशासन ने लोगों से तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।