UncategorizedUttrakhandउत्तराखंडराजनीति

उत्तराखंड विधानसभा में हंगामा, तीन घंटे में सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित; उमेश कुमार ने सौंपा इस्तीफा

उत्तराखंड विधानसभा में हंगामा,

भराड़ीसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन बुधवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्यवाही दोपहर 1:06 बजे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने काले कपड़े लहराकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, वहीं निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

विपक्ष ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े मामले को उठाते हुए नियम 310 के तहत चर्चा कराने की मांग की। इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की और सदन में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कांग्रेस विधायकों ने काले कपड़े लहराते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘फर्जीवाड़ा करने वाली यह सरकार, नहीं चलेगी’, ‘झूठी घोषणाएं करने वाली यह सरकार, नहीं चलेगी’ और ‘उत्तराखंड को लूटने वाली यह सरकार, नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए।

सदन में जारी हंगामे के बीच संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सदन में प्राप्त 17 सूचनाओं का उल्लेख किया और कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

वहीं, सत्र के दौरान निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने घोषणा की कि वह आगामी विधानसभा चुनाव जन निर्माण पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह भाजपा या कांग्रेस, किसी भी पार्टी में शामिल नहीं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!