Uncategorized

फर्जी दस्तावेज बनाकर बेशकीमती जमीन हड़पने का आरोप, 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार के लक्सर में जमीन धोखाधड़ी के आरोप में 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है. पूरा मामला फर्जी इकरारनामे से जुड़ा है.

 हरिद्वार के लक्सर तहसील क्षेत्र में जमीन विवाद अब खुलेआम धमकियों और दबंगई तक पहुंच गया है. हरियाणा निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पुश्तैनी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने की साजिश रची गई और जब उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया तो आरोपित उसका पीछा कर जान से मारने की धमकी देने लगे. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत का संज्ञान लेते हुए 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

हरियाणा निवासी अली मोहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि, वह और उसके परिवार वाले साल 1984 में ग्राम ऐथल हरिद्वार को छोड़कर मेवात हरियाणा में जाकर बस गए थे. 30 मार्च 2026 को जानकारी मिली कि, उसकी भूमि को कुछ लोग बेच रहे हैं. इसके बाद लक्सर तहसील जाकर भूमि के बारे में जानकारी ली. जहां उसे उसकी भूमि से संबंधित एक रजिस्टर्ड इकरारनामा की प्रति प्राप्त हुई. जिसमें किसी फर्जी व्यक्ति ने अली मोहम्मद नाम का यूज कर फर्जी आधार कार्ड लगाकर इकरारनामा किया हुआ है. इकरारनामे में ऐथल निवासी एक व्यक्ति को गवाह बनाया गया है. जबकि 17 मार्च 2026 को इकरारनामा हुआ है.

पीड़ित के मुताबिक, जब उसने कोर्ट में मामला दायर किया तो आरोपियों ने उसे रास्ते में घेरना शुरू कर दिया. आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि ‘गांव छोड़कर चला जा, नहीं तो जान से हाथ धो बैठेगा’. शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि फर्जीवाड़े में शामिल कुछ आरोपी पहले भी धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुके हैं.पूरे मामले पर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।. सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है.

बंद घर को निशाना बनाने वाले चोर गिरफ्तार: लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर में बंद घर में सेंध लगाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपए की नकदी और चोरी किया सामान बरामद किया है. दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!