
मसूरी: उत्तराखंड की दुर्गम पहाड़ियों, घुमावदार सड़कों और चुनौतीपूर्ण हिमालयी रास्तों पर छह दिनों तक चले रोमांचक मुकाबले का शानदार समापन हो गया। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज 2026’ में लद्दाख के 19 वर्षीय युवा साइकिलिस्ट त्सेवांग नोरबू ने अपनी प्रतिभा और जबरदस्त सहनशक्ति का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने 658 किलोमीटर की कठिन रेस को 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड में पूरा कर पहला स्थान हासिल किया।
हरियाणा के शिवेन ने 23 घंटे 40 मिनट 01 सेकंड के साथ दूसरा, जबकि भारतीय सेना की साहसिक टीम के खुशीमन घरती ने 23 घंटे 40 मिनट 20 सेकंड में रेस पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के अलावा भारतीय थल सेना, वायु सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कुल 66 साइकिलिस्ट ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की शुरुआत 20 नवंबर को नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से हुई थी। इसके बाद प्रतिभागियों ने पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक का चुनौतीपूर्ण सफर तय किया।
शुरुआत से ही नोरबू का दबदबा, पहले दो चरणों में हासिल की जीत
19 वर्षीय त्सेवांग नोरबू ने प्रतियोगिता के शुरुआती दौर से ही अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी थी। उन्होंने पहले दोनों चरणों में जीत दर्ज कर अन्य प्रतिभागियों पर बढ़त बना ली। हालांकि, तीसरे चरण में हरियाणा के शिवेन ने बेहद करीबी मुकाबले में उन्हें मामूली अंतर से पीछे छोड़ दिया। वहीं, भारतीय सेना की साहसिक टीम के खुशीमन घरती ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम तीन चरणों में लगातार जीत दर्ज की। इसके बावजूद नोरबू ने अपनी कुल बढ़त बरकरार रखी और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
145 किलोमीटर का चरण बना सबसे बड़ी चुनौती
छह चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता का सबसे लंबा और चुनौतीपूर्ण पड़ाव बागेश्वर से तिलवाड़ा के बीच रहा। इस चरण की कुल दूरी 145 किलोमीटर थी। वहीं, अंतिम चरण में साइकिलिस्टों को चिन्यालीसौड़ से मसूरी तक 75 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा। कठिन चढ़ाइयों, ऊंचाई, घुमावदार रास्तों और बदलती भौगोलिक परिस्थितियों ने खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, गति और तकनीकी कौशल की कड़ी परीक्षा ली।
10 जनपदों से होकर गुजरी प्रतियोगिता, ग्रामीण पर्यटन को मिला बढ़ावा
इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इसने केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देने का काम नहीं किया, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों को एक नए साहसिक पर्यटन मार्ग के रूप में भी सामने रखा। 658 किलोमीटर लंबे इस सफर के दौरान रास्ते में पड़ने वाले कई गांवों में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर साइकिलिस्टों का उत्साह बढ़ाया। इससे उत्तराखंड की लोक संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और ग्रामीण पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिला।
पर्यटन सचिव बोले- साहसिक खेलों के लिए बेहतरीन गंतव्य है उत्तराखंड
सचिव पर्यटन एवं उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज सिंह गर्ब्याल ने प्रतियोगिता की सफलता पर सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने कुमाऊं से गढ़वाल तक 658 किलोमीटर का सफर तय कर प्रदेश की एकता का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय मार्ग साहसिक खेलों के लिए देश के बेहतरीन गंतव्यों में शामिल हैं। ऐसे आयोजनों से कम चर्चित पर्यटन स्थलों को भी पहचान मिलेगी। साथ ही मार्ग में पड़ने वाले गांवों में होमस्टे और स्थानीय आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे।
दिसंबर में होगी हिमालयन कार रैली, सालभर होंगे साहसिक आयोजन
उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग ने आगामी आयोजनों की भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत 4 से 6 दिसंबर तक हिमालयन कार रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा माणा दर्रे से 100 मील की हिमालयी सहनशक्ति दौड़ समेत सालभर कई अन्य साहसिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है।
पर्यटन विभाग का लक्ष्य उत्तराखंड को केवल गर्मियों में घूमने की जगह तक सीमित न रखते हुए सालभर साहसिक खेलों और रोमांचक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।