रामनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली का कहर, साइकिल सवार बुजुर्ग की कुचलकर मौत; हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

रामनगर: रामनगर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मालधन चौकी क्षेत्र के तुमड़िया डैम प्रथम में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक, तुमड़िया डैम प्रथम निवासी प्रेम सिंह (60), पुत्र हरनाम सिंह, गुरुवार दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच घर के पास स्थित एक डॉक्टर की दुकान से दवा लेकर साइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रेम सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गए और पहियों से कुचलने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, जबकि चालक घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।
पीरूमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बुजुर्ग की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रेम सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी का कुछ वर्ष पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में अब प्रेम सिंह और उनका एक दिव्यांग बेटा ही रहते थे, जबकि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार के एकमात्र बुजुर्ग सदस्य की इस तरह असमय मौत से गांव में शोक की लहर है।
वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।