Uttrakhand

नवंबर में भी बर्फबारी का इंतजार, कौसानी से काली नजर आ रहीं हिमालय की चोटियां; डेढ़ से दो किमी पीछे खिसका पिंडारी ग्लेशियर

बागेश्वर: हिमालय की सफेद बर्फीली चोटियां इस बार नवंबर में भी बर्फबारी का इंतजार कर रही हैं। कौसानी से दिखाई देने वाली पंचाचूली और नंदाकोट जैसी ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर के बजाय काली नजर आ रही हैं। पिछले वर्ष नवंबर में जहां ये चोटियां बर्फ से ढकी दिखाई देती थीं, वहीं इस बार इन पर दूर-दूर तक बर्फ नजर नहीं आ रही है। हिमालय की बदलती तस्वीर जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों की ओर इशारा कर रही है।

स्थानीय निवासी बीडी जोशी बताते हैं कि पहले नवंबर आते-आते पूरा हिमालय बर्फ से ढक जाता था। दूर तक फैली सफेद चोटियां पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ाती थीं, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। ऊंची चोटियों पर भी कहीं-कहीं बर्फ की बेहद पतली परत दिखाई देती है। पिछले कई वर्षों से बर्फबारी में लगातार कमी महसूस की जा रही है।

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के प्रोफेसर डॉ. शिव प्रकाश राय के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में हो रहे इन बदलावों के पीछे जलवायु परिवर्तन एक प्रमुख कारण है। इसके अलावा जंगलों की कटाई, पहाड़ों पर अनियोजित निर्माण, सीमेंट और रेता का बढ़ता इस्तेमाल तथा आबादी का दबाव भी पर्यावरणीय संतुलन को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों में पर्यावरण के अनुकूल निर्माण और विकास कार्यों में प्रकृति संरक्षण को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई।

डेढ़ से दो किलोमीटर पीछे खिसक चुका पिंडारी ग्लेशियर

हिमालय में बर्फ की कमी का असर ग्लेशियरों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. नवीन चंद्र जोशी के मुताबिक, वर्ष 1976 से अब तक पिंडारी ग्लेशियर लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर पीछे खिसक चुका है। इसके प्रमुख कारण वैश्विक तापमान में वृद्धि, सर्दियों में कम बर्फबारी, बढ़ता पर्यटन और मानवीय हस्तक्षेप हैं।

जहां था जीरो प्वाइंट, वहां दिख रहे भुरभुरे पहाड़

राज्य वन्यजीव परिषद के सदस्य और वरिष्ठ पर्वतारोही अनूप साह ने वर्ष 1964 में पहली बार पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा की थी। उस समय और आज के हालात में बड़ा अंतर आ चुका है। उनके अनुसार, जिस स्थान पर कभी जीरो प्वाइंट हुआ करता था, वहां अब भुरभुरे पहाड़ दिखाई देते हैं। उन्होंने ट्रैकिंग मार्ग पर सीमेंट-कंक्रीट के निर्माण और बढ़ते मानवीय हस्तक्षेप को भी प्राकृतिक पर्यावरण के लिए चिंताजनक बताया।

तेज बारिश और भूमि कटाव से बढ़ रही मुश्किलें

गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेशानंद के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में ग्लेशियर लगातार पीछे खिसक रहे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तीव्र वर्षा की घटनाओं के कारण भूमि कटाव की समस्या भी बढ़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि बर्फबारी में कमी और ग्लेशियरों के सिकुड़ने का असर आने वाले समय में पहाड़ी पारिस्थितिकी तंत्र, नदियों और जलस्रोतों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में हिमालयी पर्यावरण का संरक्षण और संतुलित विकास बेहद जरूरी हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!