धर्म ध्वजा की पूजा-अर्चना के साथ कार्तिक मास की प्रभात फेरी का शुभारंभ, भजनों से भक्तिमय हुआ पटेल नगर

देहरादून। श्री श्याम सुन्दर मंदिर, पटेल नगर में गुरुवार सुबह कार्तिक मास की प्रभात फेरी का शुभारंभ धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत जुगेश विज एवं दीक्षा विज द्वारा धर्म ध्वजा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ प्रभात फेरी निकाली।
प्रभात फेरी मंदिर परिसर की परिक्रमा करते हुए पूर्वी पटेल नगर स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यहां जगमोहन शर्मा एवं किरण शर्मा ने परिवार सहित श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर भाव-विभोर होकर भगवान का गुणगान करते नजर आए। इसके बाद प्रभात फेरी पश्चिमी पटेल नगर की ओर रवाना हुई।
पश्चिमी पटेल नगर में जुगेश विज एवं दीक्षा विज ने प्रभात फेरी का आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। क्षेत्र में प्रभात फेरी के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जगह-जगह स्वागत और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर भजन गायकों तेजेंद्र हरजाई, भूपेन्द्र चड्ढा, गौरव कोहली, गोविंद मोहन, प्रेम भाटिया, सुरेंद्र बागला, गोपी, मीना कोहली, कृष्ण कोहली और चंद्र मोहन आनंद ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और प्रभात फेरी के दौरान भक्तिमय माहौल बनाए रखा।
कार्तिक मास में आयोजित प्रभात फेरी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिकता और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है। सुबह-सुबह भगवान के भजनों और जयकारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना दिया।