उत्तराखंड

सावन शिवरात्रि पर केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, 8 क्विंटल फूलों से सजाया गया मंदिर

 केदारनाथ : सावन शिवरात्रि के पावन पर्व पर  केदारनाथ धाम में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा है।  बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सभी श्रद्धालुओं को सावन शिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के प्रति अपार श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर है।

कपाट खुलने के बाद से अब तक सवा चौदह लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। पवित्र सावन माह की शिवरात्रि के अवसर पर आज बड़ी संख्या में तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन का पुण्य अर्जित किया। सावन माह की शिवरात्रि और 25 जुलाई से शुरू होने वाली शिवमहापुराण कथा के अवसर पर बीकेटीसी ने दानदाताओं के सहयोग से  केदारनाथ मंदिर को भव्य रूप से सजाया है।

मंदिर की सजावट में पूरे 8 क्विंटल फूलों का उपयोग किया गया है, जिससे पूरा मंदिर परिसर अत्यंत मनोहारी दिख रहा है। केदारनाथ धाम में सावन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को सावन शिवरात्रि का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। आज के दिन श्रद्धालुओं ने भगवान केदारनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया तथा ब्रह्मकमल, बेलपत्र, धतूरा, अक्षत और विभिन्न पुष्प अर्पित किए।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि तीर्थयात्रियों को भगवान केदारनाथ के सुगम दर्शन हो रहे हैं और सावन माह में श्रद्धालुओं में दर्शन के लिए भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। व्यवस्थाएं पूर्णतः सुचारू हैं और सभी श्रद्धालुओं को बिना किसी कठिनाई के दर्शन की सुविधा मिल रही है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन शिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था, इसलिए यह दिन विशेष रूप से भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना के लिए अत्यंत श्रेष्ठ माना गया है। इस पावन अवसर पर केदारनाथ धाम में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को अपार शांति और आध्यात्मिक संतुष्टि का अनुभव हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!