
चमोली: जनपद चमोली के पांडुकेश्वर क्षेत्र के समीप शुक्रवार को एक क्रूजर वाहन अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहा था।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। टीम का नेतृत्व मुख्य आरक्षी महेश ऐठानी ने किया। SDRF टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
वाहन में कुल 21 यात्री सवार थे। टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 2 से 3 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी यात्री पूरी तरह सकुशल हैं।

स्थानीय पुलिस और SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे से हटाया और मार्ग को सुचारू कराया। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
SDRF ने बताया कि पहाड़ी सड़कों पर यात्रा के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, विशेषकर बद्रीनाथ जैसी ऊँचाई वाले क्षेत्रों में जहाँ मोड़ तीखे और सड़कें संकरी हैं।