काशीपुर में युवक पर 10 लोगों का हमला, सिर पर लगे 5 टांके
बेरहमी से मारपीट के बाद केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

काशीपुर में एक युवक के साथ हुई हिंसक मारपीट का मामला सामने आया है, जहां करीब 10 युवकों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर पर पांच टांके लगाने पड़े।
पीड़ित अंकित चौहान के अनुसार, 21 अप्रैल की रात वह अपने ऑफिस को बंद कर रहा था, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना वजह विवाद शुरू कर दिया। बात बढ़ने पर उन्होंने अंकित पर हमला कर दिया और बेल्ट व अन्य चीजों से बुरी तरह पीटा। सिर पर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया।
जान बचाने के लिए अंकित पास के एक मेडिकल स्टोर में घुसा, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और कर्मचारियों के साथ भी हाथापाई की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। इस दौरान अंकित की गाड़ी और मोबाइल को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घायल युवक को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।