चारधाम यात्रा पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
भ्रामक वीडियो पर FIR, सरकार का साफ संदेश—दुष्प्रचार बर्दाश्त नहीं

चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार सख्त रुख में नजर आ रही है। यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार व्यवस्थाएं मजबूत की जा रही हैं, वहीं अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सरकार के अनुसार, सोशल मीडिया पर कुछ लोग भ्रामक और अपुष्ट वीडियो शेयर कर यात्रा को लेकर गलत माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। रुद्रप्रयाग में ऐसे ही एक वीडियो के सामने आने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि वीडियो में केदारनाथ धाम में दर्शन नहीं होने जैसी गलत जानकारी दी जा रही थी, जबकि वास्तविकता में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यह भी बताया कि ऐसे 4-5 और संदिग्ध वीडियो चिन्हित किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया की 24×7 निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह के दुष्प्रचार को तुरंत रोका जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण आयोजन की छवि खराब करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।




