कैनाल रोड पर वाइन शॉप का विरोध, स्थानीय लोगों ने मंत्री से लगाई गुहार
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दिया आश्वासन, जनभावनाओं के अनुसार कार्रवाई के निर्देश

कैनाल रोड क्षेत्र में प्रस्तावित वाइन शॉप को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता अब सरकार तक पहुंच गई है। इसी सिलसिले में क्षेत्र के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल आज कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनके शासकीय आवास पर मिला और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
लोगों ने मंत्री को बताया कि जिस जगह पर वाइन शॉप खोले जाने की योजना है, वह घनी आबादी वाला इलाका है। उनका कहना था कि यहां शराब की दुकान खुलने से माहौल बिगड़ सकता है और असामाजिक गतिविधियों में बढ़ोतरी की आशंका है, जिससे परिवारों और खासकर बच्चों पर असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने मंत्री से अनुरोध किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस दुकान को खोलने की अनुमति न दी जाए।
मंत्री गणेश जोशी ने लोगों की बात को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले में उचित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की चिंताओं को प्राथमिकता दी जाए।
मंत्री के इस आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार जताया। इस दौरान नरेश पुंज, पूर्व पार्षद कमल थापा, अमित कुमार, अरुण छेत्री और डॉ. एच. एस. धामी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।