लक्सर में दिनदहाड़े फायरिंग, दो बदमाशों ने कार सवारों पर चलाई गोलियां
लक्सर बदमाशों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कार सवारों पर फायरिंग
हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में सोमवारको दिनदहाड़े उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाड़ीटीप गांव के पास बाइक सवार दो नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक कार का पीछा कर उस पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी. फायरिंग में एक गोली कार की खिड़की में जा धंसी, जबकि कार में सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग बाल-बाल बच गए. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई.पुलिस को दी तहरीर में लक्सर के दाबकी निवासी डॉ. सुमित चौधरी ने बताया कि, वह सोमवार को अपनी सास बालेश देवी की आंखों की जांच कराने हरिद्वार गए थे. उनके साथ कार में पूर्व ग्राम प्रधान भंवर सिंह, शीला देवी और साला सुमित पंवार भी मौजूद थे. आंखों का चेकअप कराने के बाद सभी लोग शाहपुर-भोगपुर मार्ग से भिक्कमपुर लौट रहे थे.
![]()
डॉ. सुधीर के अनुसार, जैसे ही उनकी कार बाड़ीटीप गांव के पास पहुंची, पीछे से सिल्वर रंग की स्प्लेंडर बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने कार के बराबर बाइक लगाई और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों ने चार राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली कार की पिछली खिड़की में लगी. गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गएसूचना मिलते ही भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश है.