
उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ मंदिर में गुरुवार को प्रसिद्ध सूफी भजन गायक कैलाश खेर ने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। उन्होंने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया तथा बाबा केदार का आशीर्वाद लिया।
बीकेटीसी (बदरी-केदार मंदिर समिति) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर समिति की ओर से कैलाश खेर को भगवान केदारनाथ का प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान गायक ने कहा कि उन्हें यहां आकर विशेष शांति और ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि तीर्थ यात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम किए गए है

गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व, 29 अप्रैल को कैलाश खेर ने बद्रीनाथ मंदिर में भी दर्शन किए थे। दोनों धामों की यात्रा के दौरान उन्होंने तीर्थ यात्रियों और तीर्थ पुरोहितों से संवाद कर उनकी भावनाओं और अनुभवों को भी जाना।
इस अवसर पर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगण, सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, उमेश पोस्ती, संतोष त्रिवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, प्रभारी अधिकारी डीएस भुजवाण, कुलदीप भट्ट, किशन त्रिवेदी, विपिन तिवारी और दीपक पंवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे