देहरादून के युवक ने पुलिस पर लगाया टॉर्चर करने का आरोप
कोतवाली प्रभारी ने युवक के आरोपों को नकारा, कहा- वो रात 12 बजे के बाद घूमते हुए पकड़ा गया था, स्कूटी के कागज नहीं थे

पौड़ी के सतपुली में पुलिस के कथित टॉर्चर से परेशान युवक की आत्महत्या के बाद देहरादून पुलिस पर भी टॉर्चर और मारपीट के आरोप लगे हैं. जहां नगर कोतवाली क्षेत्र की धारा चौकी में तैनात एक एसआई पर एक युवक ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात उसके साथ मारपीट की है. इस कारण उसे दून अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है. घटना के दो दिन बाद युवक और उसके साथियों ने धारा चौकी पर हंगामा भी किया. युवक का आरोप है कि वह धारा चौकी पहुंचने पर भी एसआई ने उसे धमकी दी है.
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक सागर ने बताया कि शुक्रवार की रात 10-11 बजे के आसपास अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर दून अस्पताल से दवाई लेकर लौट रहा था. इसी दौरान उसे पुलिस ने रोक लिया और स्कूटी को चेक करने लगे. सागर ने बताया कि इस दौरान मैं साइड में खड़ा हो गया और पुलिस स्कूटी को ले जाने लगी. मैंने उन्हें अपना दवाई का पर्चा और दवाई भी दिखाई थी.
इसके बाद मैंने अपना फोन निकाल कर वीडियो बनाते हुए उनसे पूछा कि आप हमें क्यों पकड़ रहे हैं. इस पर पुलिस ने मेरा फोन भी छीन लिया और धारा चौकी ले गए. मैंने धारा चौकी पहुंचकर पुलिस से कहा कि फोन वापस कर दें. इस पर धारा चौकी में तैनात एक सिपाही और चौकी प्रभारी ने मारपीट की और चालान भी कर दिया. रात भर थाने में रखा और पीटते रहे.
अगले दिन जब वह चौकी में आया तो उसने चौकी इंचार्ज से पूछा कि उसे क्यों पीटा गया. इस पर चौकी इंचार्ज ने कहा कि ‘जो तुझसे होता है कर ले, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता’. युवक ने कहा कि जब पुलिस ने रात भर लॉकअप में रखा तो अगले दिन मुझे अपनी ज़मानत करानी पड़ी. युवक ने कहा कि सारी बात केवल फोन को लेकर हुई मैं फोन लेने के लिए चौकी आया, लेकिन पुलिस ने मुझे मेरा फोन न देकर मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी और मेरा दूसरा फोन भी छीन लिया था.