देहरादून के सबसे पुराने पलटन बाजार में लगी भीषण आग

राजधानी देहरादून के व्यस्त पलटन बाजार में मंगलवार को एक बड़ा अग्निकांड हो गया। बाजार स्थित गांधी संस साड़ी एवं लहंगा शोरूम में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए तीन अन्य फायर टेंडर भी बुलाए गए। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे तक लगातार अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में शोरूम में रखा लाखों रुपये मूल्य का साड़ी, लहंगा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।