
देहरादून, 19 जून 2026:मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्यों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए विकासनगर तहसील के रेतीवाला क्षेत्र में दोबारा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस दौरान अतुल्यम रिजॉर्ट के निकट करीब 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग और उसके लिए बनाई गई सीसी सड़क को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार युद्धस्तर पर जारी है। इसके तहत विभिन्न सेक्टरों में अलग-अलग प्रवर्तन टीमें गठित कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
प्राधिकरण के अनुसार रेतीवाला स्थित अतुल्यम रिजॉर्ट के पास अभिनव बंसल और अन्य लोगों द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति एवं आवश्यक अनुमति के लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। प्लाटिंग के लिए सीसी सड़क का निर्माण भी कराया गया था, जो उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973) के प्रावधानों का उल्लंघन है।
एमडीडीए ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और निर्माण गतिविधियां तत्काल रोकने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मौके पर अवैध गतिविधियां जारी रखने का प्रयास किया गया।
क्षेत्रीय अभियंताओं की रिपोर्ट के अनुसार उक्त अवैध प्लाटिंग को 20 मई 2026 को भी ध्वस्त किया गया था। इसके बाद भी संबंधित पक्ष ने दोबारा सड़क निर्माण और प्लाटिंग संबंधी कार्य शुरू करने की कोशिश की। शिकायत और निरीक्षण रिपोर्ट मिलने पर एमडीडीए की टीम ने पुनः कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित सीसी सड़क और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल, अभियंत्रण शाखा और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण हटाए गए। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और वैधानिक अनुमति के किसी भी प्रकार की प्लाटिंग या निर्माण कार्य को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता से अपील
एमडीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें। अवैध प्लाटिंग में निवेश आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। प्राधिकरण ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रख रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
क्या बोले उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमानुसार और सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। बिना अनुमति निर्माण या प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को ऐसे मामलों की नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभिन्न सेक्टरों में गठित टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अवैध निर्माण या प्लाटिंग की जानकारी तत्काल प्राधिकरण को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।