महिला मोर्चा द्वारा उत्तरकाशी प्रवास के दौरान जन-जागरूकता एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का सफल आयोजन
विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों से किया गया अवगत

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट जी एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. हिमानी वैष्णव जी के नेतृत्व में जनपद उत्तरकाशी के विभिन्न क्षेत्रों में 16 जून से 19 जून 2026 तक जन-जागरूकता, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।

दिनांक 16 जून 2026 को नौगांव मंडल में “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत जिला एवं मंडल पदाधिकारी बहनों के साथ परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित कर संगठन की भावी योजनाओं एवं कार्यों पर चर्चा की गई।

दिनांक 17 जून 2026 को कालिंदी मंडल की राणा ग्राम सभा में महिला चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही स्थानीय मातृशक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया गया।

दिनांक 18 जून 2026 को पवित्र यमुनोत्री धाम पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसी अवसर पर “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करते हुए यमुनोत्री के तप्त कुंड में चावल एवं आलू पकाए गए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं एवं तीर्थ पुरोहितों के साथ प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण कर स्वस्थ एवं प्राकृतिक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
दिनांक 19 जून 2026 को उपराड़ी ग्राम सभा में मातृशक्ति के साथ संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों, आत्मनिर्भरता तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया
इस चार दिवसीय प्रवास के दौरान महिला मोर्चा द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने, महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए। प्रवास के दौरान प्रदेश कार्यालय सह प्रभारी बबली चौहान जी ,जिलाध्यक्ष ललिता सेमवाल जी ,अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के सदस्य चण्डी प्रसाद बेलवाल जी ,रेड राइस लेडी स्वतंत्री बंधानी जी सहित भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे