कांग्रेस ने घोषित की जिला, महानगर, ब्लॉक और नगर पंचायत कमेटियों की नई कार्यकारिणियां, जारी हुई पूरी सूची
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज, विभिन्न जिलों और इकाइयों के पदाधिकारियों के नामों की सूची जारी।

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेशभर की जिला, महानगर, ब्लॉक और नगर पंचायत कांग्रेस कमेटियों की नई कार्यकारिणियों की घोषणा कर दी है। इन नियुक्तियों को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मंजूरी मिलने के बाद जारी किया गया है।

पार्टी नेतृत्व का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाना है। नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन विस्तार में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस ने विभिन्न ब्लॉक और नगर इकाइयों में भी नए अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इनमें पछुवादून, चकराता, कालसी, झबरेड़ा, पिरान कलियर, ऋषिकेश, अल्मोड़ा, द्वाराहाट, भीमताल, रामगढ़, धारी, भिलंगना, अगस्त्यमुनि, डोईवाला और काशीपुर समेत कई क्षेत्रों के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा नगर पंचायत कांग्रेस कमेटियों के लिए भी कई नई नियुक्तियां की गई हैं। पिथौरागढ़, डीडीहाट, बागेश्वर, रानीखेत, नैनीताल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी जिलों की विभिन्न नगर इकाइयों में नए अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि जिन जिलों और इकाइयों की कार्यकारिणियां अभी घोषित नहीं हुई हैं, उनकी सूची भी जल्द जारी की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनावों से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय और मजबूत करना है।